बगहा में तेंदुए के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल, बटेसरा गांव में फैला खौफ

Ghazala Saheb24 August 20262 min read53 viewsBihar
बगहा में तेंदुए के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल, बटेसरा गांव में फैला खौफ

पश्चिम चम्पारण के बगहा पुलिस जिला के नौरंगिया थाना क्षेत्र के बटेसरा गांव में सोमवार की अहले सुबह तेंदुए के हमले में एक ग्रामीण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान बटेसरा गांव निवासी उपेंद्र राम की पत्नी सविता देवी के रूप में हुई है। हमले में महिला के सिर, बांह और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।

अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद परिजन ने आनन-फानन में घायल सविता देवी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सविता देवी के करीब डेढ़ वर्ष का बच्चा भी है। घटना के बाद परिवार के लोग काफी भयभीत हैं।

वन विभाग की टीम कर रही है जांच

बताया जाता है कि मदनपुर रेंज क्षेत्र में एक दिन पूर्व एक बाघ द्वारा कुत्ते का शिकार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग के कर्मी बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में ट्रैकिंग कर रहे थे। इसी बीच बटेसरा गांव में महिला पर जंगली जानवर के हमले की घटना सामने आ गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वनरक्षी विकास कुमार और आदित्य कुमार मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वनकर्मियों ने आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों को दी गई सतर्क रहने की सलाह

वन विभाग द्वारा तेंदुए की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले सुनसान इलाकों में जाने से बचें। विशेषकर सुबह और शाम के समय खेत अथवा जंगल की ओर जाने में विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। महिला पर हमला की घटना के बाद बटेसरा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Share:

Comments

Leave a comment