बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन डिरेल, स्टेशन मास्टर सस्पेंड और दिल्ली-हावड़ा रूट प्रभावित

Ghazala Saheb6 September 20262 min read39 viewsBihar
बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन डिरेल, स्टेशन मास्टर सस्पेंड और दिल्ली-हावड़ा रूट प्रभावित

बिहार के भोजपुर जिले के आरा रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 4 बजे 15483 अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई। इस हादसे में रेलगाड़ी की एक एसी और एक जनरल बागी पटरी से उतर गई। इस मामले में आरा स्टेशन मास्टर एनके राय को सस्पेंड कर दिया गया है। महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने के कारण दिल्ली-हावड़ा रूट पूरी तरह प्रभावित हुआ है।

ट्रेन के डिरेल होने की पूरी घटना

यह ट्रेन आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर खड़ी थी और अपने निर्धारित समय के अनुसार सुबह 4:12 बजे दिल्ली की ओर रवाना होने के लिए प्लेटफार्म से खुली थी। ट्रेन खुलने के बाद अचानक बक्सर की बजाय सासाराम की तरफ निकलने लगी क्योंकि परिचालन के दौरान सिग्नल में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई थी। ट्रेन स्टेशन से कुछ दूरी आगे पश्चिमी ओवरब्रिज के समीप पहुंची और प्लेटफार्म से केवल 200 मीटर आगे जाते ही अप लाइन में ट्रेन अचानक बेपटरी हो गई

स्टेशन मास्टर और लोको पायलट का पक्ष

सस्पेंड होने वाले स्टेशन प्रबंधक एनके राय ने बताया कि सुबह 4 बजकर 20 मिनट पर उन्हें सूचना मिली और वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे जहां उन्होंने देखा कि एसएलआर और दूसरी एच-1 बोगी के दो-दो पहिए पटरी से उतरे थे। उन्होंने अनाउंस करके यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर बैठाया। एनके राय ने कहा कि उनकी कोई गलती नहीं है और उनकी नजर में लापरवाही ड्राइवर की है। वहीं, महानंदा एक्सप्रेस के लोको पायलट उमाशंकर पांडेय ने बताया कि मेन लाइन और उनकी गाड़ी जिस ट्रैक पर खड़ी थी, दोनों का सिग्नल ग्रीन था और जैसे ही उन्हें पता चला कि गाड़ी दूसरी ओर जा रही है, उन्होंने तुरंत ट्रेन रोक दी।

रूट पर परिचालन दोबारा शुरू

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि घटना में कोई जान-माल की हानि नहीं हुई है। पटरी से उतरी बोगियों के पहियों को जैक की मदद से पटरी पर चढ़ाने का काम किया गया और तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह साढ़े सात बजे अप लाइन पर परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया

Share:

Comments

Leave a comment