सहरसा में सेवा संकल्प अभियान को जनअभियान बनाने में जुटी महिषी भाजपा टीम

Ghazala Saheb16 September 20262 min read13 viewsBihar
सहरसा में सेवा संकल्प अभियान को जनअभियान बनाने में जुटी महिषी भाजपा टीम

सहरसा, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर संगठन ने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को महिषी उत्तरी मंडल की कार्यशाला थानवार मध्य विद्यालय में आयोजित हुई। यह कार्यशाला मंडल अध्यक्ष किशोर साह की अध्यक्षता एवं महामंत्री गौरीशंकर पासवान के संचालन में आयोजित हुई। कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सह मंडल प्रभारी राजीव रंजन साह तथा व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक शशि सोनी ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और बूथ स्तर पर प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी।

व्यापक जनभागीदारी का आह्वान

भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को महज संगठनात्मक कार्यक्रम न बनाकर व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाना है। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता सक्रियता के साथ सेवा गतिविधियों को संचालित करें और समाज के अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से संगठन की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक मजबूत होगी।

हर बूथ बने अभियान का केंद्र

मंडल प्रभारी सह जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने कहा कि हर बूथ अभियान का केंद्र और हर कार्यकर्ता सेवा का वाहक बने, यही अभियान की सफलता का आधार है। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्ययोजना, दायित्व निर्धारण, आपसी समन्वय और जनसंपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को पार्टी की सीमा से बाहर निकालकर जनसेवा के व्यापक अभियान के रूप में आगे बढ़ाना होगा। राजीव रंजन साह ने कार्यकर्ताओं को अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ के साथ अभियान की शुरुआत होगी। बूथ कार्यकर्ता लाभार्थियों के घर पहुंचकर दीप प्रज्वलित करेंगे। विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल सेवा/संकल्प यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘भारत मंडला’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास

व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक शशि सोनी ने कहा कि सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment