मेरठ जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल, एसएसपी अविनाश पांडेय का तबादला और बीबीजीटीएस मूर्ति बने नए एसएसपी

मेरठ जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल हुआ है और मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय का तबादला कर दिया गया है। शासन की ओर से आईपीएस अधिकारियों की स्थानांतरण सूची जारी कर दी गई है। उनके स्थान पर 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
स्थानांतरण सूची के मुताबिक, अविनाश पाण्डेय को मेरठ एसएसपी के पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से संबद्ध किया गया है। वहीं, झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात बीबीजीटीएस मूर्ति को अब मेरठ की कमान सौंपी गई है।
अविनाश पाण्डेय ने मेरठ में एसएसपी की जिम्मेदारी संभालते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों में काम किया। एसएसपी अविनाश पांडेय ने फरवरी 2026 में ज्वाइन किया था। इससे पहले वह मेरठ में एसपी देहात भी रह चुके हैं। उनके तबादले के बाद अब जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान बीबीजीटीएस मूर्ति के हाथों में होगी।
बीबीजीटीएस मूर्ति वर्ष 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात थे। मेरठ जैसे संवेदनशील और बड़े जिले में उनकी नई तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मेरठ में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात व्यवस्था, साइबर अपराध पर अंकुश और पुलिस की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाना नए एसएसपी के सामने प्रमुख चुनौतियां रहेंगी।
आईपीएस अधिकारियों के तबादले से प्रदेश के कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में बदलाव हुआ है। इसी क्रम में मेरठ को भी नया पुलिस कप्तान मिला है। अब नए एसएसपी के कार्यभार संभालने के बाद जिले की पुलिसिंग में क्या बदलाव देखने को मिलते हैं, इस पर सभी की नजर रहेगी।