सांसद अजय मंडल पर बरसे मंत्री शैलेंद्र, दी कड़ी चेतावनी

बिहार के भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड के काजी कोरैया में आयोजित एक सभा के दौरान बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने भागलपुर के सांसद अजय मंडल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मंत्री शैलेंद्र का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सांसद पर लगाया अहसानफरामोशी का आरोप
मंत्री शैलेंद्र ने सांसद अजय मंडल पर अहसानफरामोशी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा-जदयू गठबंधन ने टिकट देकर उन्हें दो बार विधायक और दो बार सांसद बनाया है। इसके बावजूद वे लगातार अपनी ही सरकार के विरोध में बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद कभी बेली ब्रिज में घोटाले की बात उठाते हैं, तो कभी काजी कोरैया में चल रहे कटाव निरोधी कार्य में अनियमितता का आरोप लगाकर सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश करते हैं।
सरकार के सामने बात रखने की दी नसीहत
पथ निर्माण मंत्री ने नसीहत देते हुए कहा कि यदि सांसद को किसी भी विकास कार्य या योजना को लेकर कोई आपत्ति है, तो वे सरकार के अंग हैं और उन्हें अपनी बात सही मंच या सरकार के सामने रखनी चाहिए। सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से बयान देकर अपनी ही सरकार को बदनाम करना कहीं से भी उचित नहीं है। मंत्री के इस कड़े रुख के बाद जिले में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।