मोतिहारी में जमीन विवाद पर खूनी संघर्ष, हथियार लेकर जान से मारने दौड़ा युवक
बिहार के मोतिहारी में जमीन विवाद के बाद जमकर हंगामा हुआ। हथियार लहराते हुए युवक ने जान से मारने की कोशिश की, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

बिहार के मोतिहारी जिले में जमीन के विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है। सुगौली थाना क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है। एक युवक हथियार लहराते हुए दूसरे व्यक्ति को जान से मारने के इरादे से दौड़ा, इस पूरी वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पंचायती के दौरान नहीं बनी बात, फिर शुरू हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना सुगौली थाना क्षेत्र के भटहा पंचायत के कचहरिया टोला की है। दरअसल, जमीन से जुड़े एक विवाद को सुलझाने के लिए भटहा गांव में पंचायती बुलाई गई थी। लेकिन पंचायती में कोई समाधान नहीं निकल सका और बात बिगड़ती चली गई।
पीड़ित राधामोहन ठाकुर का आरोप है कि पंचायती से लौटते समय उन पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने बताया कि विपक्षी बृजकिशोर ठाकुर के कहने पर उनके छोटे भाई चंकी ठाकुर ने हाथ में हथियार लहराते हुए उन्हें जान से मारने के लिए दौड़ाया। इस हमले के दौरान पीड़ित ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
मौके पर लोगों ने बचाई जान
घटना के दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और बीच-बचाव किया, जिसके कारण कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। पीड़ित पक्ष ने इस हमले में लालू ठाकुर और चोकट ठाकुर की भी संलिप्तता होने का गंभीर आरोप लगाया है।
"मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। पुलिस को इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। हम मामले की जांच कर रहे हैं और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
— अनीश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष, सुगौली
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे हथियार लहराते हुए युवक दूसरे पक्ष को डरा रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस अब इस वायरल वीडियो और प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।