मुगलसराय में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन और 10 लोगों पर केस दर्ज

मुगलसराय, चंदौली में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गुरुवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों का भौतिक सत्यापन किया और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध लोगों की जांच की।
हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन की जांच
थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों और वर्तमान उपस्थिति की जानकारी जुटाई। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर अपने घर पर मौजूद मिला, जिसका सत्यापन करके पुलिस अभिलेखों को अपडेट किया गया।
सघन चेकिंग और पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, इस अभियान के दौरान कुल 80 लोगों को चेक किया गया और 15 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ एवं सत्यापन किया गया। इनमें जरूरी काम से आने-जाने वाले पांच लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं, शराब के नशे में घूमने और अनावश्यक रूप से सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले 10 लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में आए लोगों के नाम
पुलिस की इस कार्रवाई की जद में प्रशांत कुमार, प्रांजल यादव, लक्ष्मण यादव, आदित्य, अनिल कुमार, लकी, सूरज चौहान, अमित चौहान, शमशेर और मनोज शर्मा शामिल हैं।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी जारी रहेगी निगरानी
क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी आगे भी जारी रहेगी। इस अभियान में थानाध्यक्ष के साथ उपनिरीक्षक दीनानाथ सिंह, उपनिरीक्षक सीताराम यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी और चौकी तथा हल्का प्रभारी शामिल रहे।