मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: सिलाई और दुकान से आत्मनिर्भर बनीं किशनगंज की जीविका दीदियां

किशनगंज में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का बड़ा माध्यम बन रही है। इस योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है जिससे वे अपना काम शुरू कर पा रही हैं और परिवार की स्थिति मजबूत हो रही है।
पोठिया प्रखंड की मिर्जापुर पंचायत की लालमनी देवी और अधिका कुमारी ने इस योजना का लाभ उठाया है। दोनों महिलाओं को योजना के तहत 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि मिली है। इस राशि से एक महिला ने सिलाई मशीन खरीदी है और दूसरी ने नाश्ते की दुकान शुरू की है। मिर्जापुर पंचायत की लालमनी देवी सीता जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं जो सूरज जीविका महिला ग्राम संगठन और संस्कार संकुल संघ से संबंधित है। लालमनी देवी ने 10 हजार रुपये की सहायता राशि से सिलाई मशीन खरीदी और घर से ही काम शुरू किया। वह आसपास के गांवों और पंचायत के लोगों के कपड़े सिलती हैं जिससे उन्हें प्रतिमाह छह से आठ हजार रुपये की आमदनी हो रही है। पोठिया प्रखंड की ही अधिका कुमारी कमल जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। अधिका कुमारी ने योजना की राशि से घर के पास चाट, चाउमीन और मोमो की दुकान शुरू की है। उनकी दुकान पर रोजाना करीब एक हजार रुपये तक की बिक्री हो जाती है जिससे परिवार के भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई में मदद मिल रही है।