नालंदा जिले में अलग-अलग हादसों में हुई 4 लोगों की दर्दनाक मौत

बिहार के नालंदा जिले में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। इन घटनाओं में सड़क हादसे, सर्पदंश और नदी में डूबने के मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सड़क किनारे गड्ढे से मिला युवक का शव
नूरसराय थाना क्षेत्र के ठनपुरा गांव के पास सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से बाइक समेत एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान पटना जिले के गोड़िहारी गांव निवासी सतीश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह शुक्रवार शाम अपनी ससुराल से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। पुलिस का अनुमान है कि बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई होगी और रात होने के कारण समय पर मदद नहीं मिल पाई।
सर्पदंश से 19 वर्षीय युवक की मौत
परवलपुर थाना क्षेत्र के बड़ी मठ गांव में सांप के काटने से 19 वर्षीय हरिनंदन मांझी की मौत हो गई। मृतक के भाई दीपक ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद वह मठ में सोने गया था। दर्द होने पर जब वह उठा तो ग्रामीणों ने सांप को देखकर मार दिया। परिजन पहले उसे ओझा-गुनी के पास ले गए और हालत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नदी में डूबने से किशोर की मौत
हिलसा थाना क्षेत्र के लोकाइन नदी के रेडी पुल के पास नदी में डूबे 14 वर्षीय किशोर मयंक कुमार का शव बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि दोपहर के समय वह मछली पकड़ रहे लोगों को देखने गया था, तभी पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद तीन किलोमीटर दूर से उसका शव मिला।
मवेशी धोने के दौरान नदी में डूबे बुजुर्ग का शव बरामद
सिलाव थाना क्षेत्र के कमदारगंज गांव में पंचाने नदी में मवेशी धोने के दौरान डूबे 76 वर्षीय अर्जुन यादव का शव बरामद हुआ। परिवार वालों ने बताया कि पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए थे। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने तलाश कर घटनास्थल से 500 मीटर दूर नदी से शव को बाहर निकाला।