नालंदा में नल-जल योजना की मशीन खराब होने से 150 घरों में जलापूर्ति ठप, भीषण गर्मी में लोग परेशान

नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड की पचौरा पंचायत के वार्ड संख्या-4 में पीएचईडी विभाग की नल-जल योजना पिछले करीब एक सप्ताह से बंद है। पानी की टंकी की मशीन खराब होने के कारण करीब 150 घरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित है। भीषण गर्मी के बीच जलापूर्ति बंद होने से सैकड़ों ग्रामीणों के सामने गंभीर पेयजल संकट पैदा हो गया है। ग्रामीण पीने, खाना बनाने, स्नान और अन्य घरेलू कार्यों के लिए पानी के दूसरे स्रोतों पर निर्भर हैं। करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंचा मिस्त्री
नल-जल योजना के संचालक सह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सुधीर कुमार ने बताया कि पानी टंकी की मशीन खराब होने की सूचना संबंधित वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत के लिए मिस्त्री मौके पर नहीं पहुंचे हैं। मशीन ठीक होने के बाद ही नियमित जलापूर्ति शुरू हो सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को जल्द तकनीकी खराबी दूर करनी चाहिए। राजीव पासवान, दयानंद पासवान, मीना देवी, सुगी देवी, सुलेखा कुमारी, कृष्ण, गुंजा माधुरी, संजीत, सुनील और विजय समेत अन्य ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।
पीएचईडी की जेई ने दी जानकारी
पीएचईडी की जेई सुप्रिया कुमारी ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मोटर जली है या स्टार्टर में खराबी है। मंगलवार को मिस्त्री को मौके पर भेजकर मशीन की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद मरम्मत का काम होगा और जलापूर्ति फिर से शुरू की जाएगी।