नालंदा के नर्सिंग कॉलेज में खराब रिजल्ट पर भारी हंगामा, छात्र और गार्ड भिड़े

नालंदा जिले के भागन बिगहा ओपी क्षेत्र में स्थित गौतम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल में शनिवार को बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर के रिजल्ट को लेकर बड़ा हंगामा हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राएं और गार्ड-बाउंसर आपस में भिड़ गए और मारपीट में एक छात्रा का सिर फट गया।
रिजल्ट को लेकर विवाद
छात्रों का आरोप है कि सैकड़ों छात्र खराब रिजल्ट की शिकायत लेकर प्रबंधन से मिलने पहुंचे थे। कई छात्रों को परीक्षा में 2 से 15 अंक तक ही मिले हैं। छात्रों के अनुसार आदित्या को 3.5, समरेश को 2 और मोना को 7 नंबर मिलने से भारी आक्रोश था।
गार्ड और छात्रों में मारपीट
छात्रों के अनुसार कॉलेज प्रबंधन ने मुख्य गेट में ताला लगा दिया था। अंदर जाने को लेकर कहासुनी हुई तो एक गार्ड ने हॉकी से छात्रा पर हमला कर दिया। इसके बाद छात्राएं भड़क गईं और गार्डों से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बाउंसरों ने बाहर से लोगों को बुलाकर छात्रों को बांस से पीटा और कुछ देर तक कैंपस अखाड़ा बना रहा।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर भागनबिगहा थानाध्यक्ष राज कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो गार्ड, एक बाउंसर और उसका भाई शामिल हैं। पुलिस फिलहाल इस पूरी घटना की जांच में जुटी है।