नालंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी में सिम जारी करने वाला पॉस एजेंट गिरफ्तार

Ghazala Saheb7 September 20261 min read18 viewsBihar
नालंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी में सिम जारी करने वाला पॉस एजेंट गिरफ्तार

नालंदा पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले सिम कार्ड जारी करने वाले एक पॉस एजेंट और सिम विक्रेता को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज स्थित टिंकू मोबाइल दुकान में छापेमारी करके की गई है। आरोपी के पास से दो पॉस आईडी वाले स्क्रीन टच मोबाइल, दो फिंगरप्रिंट मशीन और ग्राहकों के आधार विवरण, हस्ताक्षर तथा अंगूठे के निशान वाले दस्तावेज बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू कुमार के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 45 वर्ष है और वह जलालपुर का रहने वाला है। एनसीआरपी पर मिली शिकायतों की जांच के दौरान कुछ मोबाइल नंबरों का संबंध दूसरे राज्यों में हुए साइबर अपराध से पाया गया। इसके बाद नालंदा साइबर थाना पुलिस ने टिंकू मोबाइल दुकान पर छापेमारी की जहां गुड्डू कुमार की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने इस मामले में नालंदा साइबर थाना में कांड संख्या 207/26 दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment