नालंदा में ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए खुला दूसरा सुधा बिक्री केंद्र, अस्थावां में हुआ उद्घाटन

Ghazala Saheb29 August 20261 min read23 viewsBihar
नालंदा में ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए खुला दूसरा सुधा बिक्री केंद्र, अस्थावां में हुआ उद्घाटन

नालंदा के अस्थावां प्रखंड के सारे पंचायत में जीविका दीदी वंदना देवी को आवंटित नए सुधा बिक्री केंद्र का शनिवार को उद्घाटन किया गया। कॉफेड एवं जीविका के संयुक्त तत्वावधान में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। यह नालंदा जिले का दूसरा सुधा बिक्री केंद्र है। जिले में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ऐसे 225 और सुधा बिक्री केंद्र खोले जाने हैं।

सुधा बिक्री केंद्र खुलने से महिलाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर

इन केंद्रों के माध्यम से जीविका से जुड़ी महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर मिलेगा तथा उनकी आय के स्रोत को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उद्घाटन के अवसर पर उप विकास आयुक्त सारा अशरफ़ ने जीविका दीदी वंदना देवी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में प्रभावी कदम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सुधा बिक्री केंद्र के माध्यम से वंदना देवी अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाते हुए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करेंगी।

उद्घाटन समारोह में कई अधिकारी और जीविका कर्मी रहे मौजूद

इस उद्घाटन अवसर पर कॉफेड के मुख्य कार्यपालक अरविंद कुमार सिंह और जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय प्रसाद पासवान उपस्थित रहे। इसके अलावा पशुधन प्रबंधक राजीव कुमार, संचार प्रबंधक संतोष कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक कुमार गौरव एवं क्षेत्रीय समन्वयक ओम प्रताप सिंह सहित जीविका के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जीविका कर्मियों ने सुधा बिक्री केंद्र की संचालक जीविका दीदी वंदना देवी को व्यवसाय के सफल संचालन और निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं। ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की इस पहल से जिले में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share:

Comments

Leave a comment