सुपौल में राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए बैंक अधिकारियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक

सुपौल, 24 अगस्त (हि.स.)। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को एलडीएम एवं जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसीजेएम-प्रथम सह प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल मो. अफजल आलम ने बैंक अधिकारियों के साथ ऋण संबंधी मामलों के अधिक से अधिक निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में विशेष रूप से ऋण वसूली से संबंधित सुलहनीय मामलों में आपसी समझौते के माध्यम से निस्तारण कराने पर जोर दिया गया। बैंक अधिकारियों को ऐसे ऋण खातों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया, जिनका विवाद आपसी सहमति से समाप्त किया जा सकता है। संबंधित ऋणधारकों से संपर्क कर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होने तथा बैंक के साथ समझौते के आधार पर अपने ऋण मामले का निपटारा कराने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया।
मो. अफजल आलम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बैंक ऋण से जुड़े मामलों का त्वरित एवं सरल तरीके से समाधान संभव है। इसमें बैंक और ऋणधारक दोनों पक्ष आपसी सहमति से मामले का निस्तारण कर सकते हैं। इससे लंबे समय से चल रहे विवादों से पक्षकारों को राहत मिलने के साथ-साथ समय और धन की भी बचत होती है।
उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि समझौता योग्य ऋण मामलों में पक्षकारों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराया जाए तथा उन्हें लोक अदालत की प्रक्रिया एवं इसके लाभों की जानकारी दी जाए। साथ ही, निर्धारित तिथि से पूर्व आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए बैंक शाखाओं में लंबित ऐसे मामलों की सूची तैयार कर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
बैठक में एलडीएम सहित जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों ने अपने-अपने बैंक में लंबित ऋण संबंधी मामलों की जानकारी साझा की। बैंक अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक ऋण मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।