नवादा में ट्रेन के झटके से युवक की मौत, बहन के यहां राखी बंधवाने जा रहा था

नवादा जिले के वारिसलीगंज में बहन से राखी बंधवाने जा रहे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान वारिसलीगंज थाने के मय गांव निवासी 40 वर्षीय पप्पू सिंह के रूप में हुई है जो खेती करके अपना जीवन चलाते थे। यह घटना गया क्यूल रेल खंड के बाघी बरडिहा गुमटी के पास घटी है।
घटना की पूरी जानकारी
शुक्रवार को पप्पू सिंह गयाजी में रह रही अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए घर से निकले थे। गया की तरफ से आ रही एक मालवाहक ट्रेन और क्यूल की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन के क्रॉसिंग के दौरान भ्रमित होने के कारण युवक की कनपटी में गार्ड वाले बोगी से झटका लग गया। झटके के बाद पत्थर पर गिरते ही युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिवार में पहले भी हो चुका है हादसा
मृतक पप्पू अपने पीछे तीन संतान छोड़ गए हैं जिनमें से एकमात्र पुत्री की शादी वे पिछले वर्ष कर चुके थे। एक माह पूर्व मृतक पप्पू के बड़े भाई मनोज सिंह की भी दिल्ली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिवार इस पुराने हादसे से उबर भी नहीं पाया था कि छोटे भाई की भी असमय मृत्यु हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटनास्थल पर वारिसलीगंज पुलिस के अलावा जीआरपी पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। पिछले 30 दिनों में दो भाइयों की असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक का माहौल कायम है।