नवादा डीटीओ कार्यालय का प्रधान लिपिक फर्जीवाड़े के मामले में गिरफ्तार

Ghazala Saheb15 September 20261 min read10 viewsBihar
नवादा डीटीओ कार्यालय का प्रधान लिपिक फर्जीवाड़े के मामले में गिरफ्तार

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना की टीम ने मंगलवार को नवादा जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) में कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक कन्हैया लाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी कार्यालय परिसर से की गई। कन्हैया लाल पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जीवाड़ा कर चोरी की स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन दूसरे व्यक्ति के नाम स्थानांतरित कराने का आरोप है। ईओयू की कार्रवाई से डीटीओ कार्यालय में दिनभर हड़कंप मचा रहा।

गोपालगंज डीटीओ कार्यालय से जुड़ा है मामला

यह पूरा मामला वर्ष 2021 में गोपालगंज जिला परिवहन कार्यालय से जुड़ा है। उस समय कन्हैया लाल गोपालगंज डीओ कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसके कार्यकाल के दौरान आरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के वीसी के चालक राधेश्याम सिंह की चोरी हुई स्कॉर्पियो के रजिस्ट्रेशन को कथित रूप से फर्जी तरीके से दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर कर दिया गया था।

ईओयू ने दर्ज किया था मामला

इस मामले में पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद आर्थिक अपराध इकाई, पटना में 20 नवंबर 2025 को कांड संख्या 42/25 दर्ज किया गया था। कन्हैया लाल को इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। ईओयू की जांच में उसकी भूमिका सामने आने के बाद मंगलवार को टीम ने नवादा डीटीओ कार्यालय पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अन्य आरोपियों की भी हो रही है जांच

मामले में गोपालगंज के तत्कालीन अधीक्षक, मद्य निषेध, नीलामी समिति के सदस्य तथा बीडर को भी प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। ईओयू की टीम पूरे मामले में दस्तावेजों और संबंधित अधिकारियों व कर्मियों की भूमिका की जांच कर रही है। कन्हैया लाल मूल रूप से पटना जिले के बेऊर थाना क्षेत्र के सिपाराडीह निवासी रामाकांत प्रसाद के पुत्र हैं।

Share:

Comments

Leave a comment