नवादा में केंद्रीय विद्यालय का हुआ शुभारंभ, सांसद विवेक ठाकुर ने किया उद्घाटन

नवादा में लंबे समय से प्रतीक्षित केंद्रीय विद्यालय का संचालन बुधवार को विधिवत शुरू हो गया है। कन्हाई इंटर स्कूल परिसर में संचालित होने वाले इस केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त शंभू शरण पांडेय समेत जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। केंद्रीय विद्यालय के शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों में काफी खुशी का माहौल देखा गया है।
सांसद विवेक ठाकुर ने कही ये बात
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि नवादा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना जिलेवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इस मांग को पूरा कराने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलना नवादा के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। यहां बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने से नवादा के बच्चों को काफी लाभ मिलेगा और आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्राप्त होगा।
शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर
सांसद ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना नवादा के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। शिक्षा किसी भी समाज और जिले के विकास की बुनियाद होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने की तर्ज पर उन्होंने भी विकसित नवादा का सपना देखा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्रों में नवादा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखने की बात कही। समारोह के दौरान सांसद ने यादगार के तौर पर सेंट्रल स्कूल परिसर में एक पेड़ भी लगाया।