नवादा में एनएच-20 पर चला प्रशासन का बुलडोजर, बड़े पैमाने पर हटाया गया अतिक्रमण

नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-20 को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए शुक्रवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। इस दौरान कई निर्माण कराए गए स्थलों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन और एनएचएआई की टीम ने पुलिस बल के साथ रजौली बाईपास के सर्विस रोड किनारे नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। यह कार्रवाई गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।
नालियों पर अवैध निर्माण और पानी की निकासी की समस्या
रजौली कैंटीन के पास सर्विस रोड से सटे दर्जनों मकानों और दुकानों के आगे एनएचएआई की नालियों को ऊंचा कर पेवर ब्लॉक बिछा दिए गए थे। कई जगहों पर नालियों को ढककर रास्ता बना दिया गया था। इससे बारिश के पानी की निकासी प्रभावित होने के साथ घरों और दुकानों का गंदा पानी भी नालियों में गिराया जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार सर्विस रोड किनारे कई स्थानों पर पिछले छह महीने से अधिक समय से नालियों के ढक्कन टूटे हुए हैं और नालियां खुली पड़ी हैं।
अधिकारियों के बयान और आगे की कार्रवाई
मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर आरके त्रिपाठी ने बताया कि एनएचएआई की ओर से बनाई गई नालियां केवल बारिश के पानी की निकासी के लिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर किए गए अनधिकृत निर्माण और बदलाव के कारण नालियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। अब किसी भी मकान या दुकान का गंदा पानी एनएचएआई की नालियों में नहीं बहने दिया जाएगा। अभियान के दौरान मकानों और दुकानों के आगे बिछाए गए पेवर ब्लॉक, निर्मित नालियां और करकट की अस्थाई संरचनाओं को तोड़कर जमीन को समतल किया गया। अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि सिमरकोल से बांके मोड़ तक वर्ष 1974 के आसपास का पुराना नक्शा उपलब्ध नहीं है। इसलिए फिलहाल अस्थाई संरचनाओं को ही हटाया गया है। प्रशासन ने लोगों से सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का निर्माण नहीं करने की अपील की है।