बिहार के गोपालगंज जिले में कुचायकोट थानांतर्गत सासामुसा बाजार के समीप शुक्रवार शाम उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक कार दाहा नदी पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। इस हादसे में कार सवार दो महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में एक की मौत मौके पर ही हो गई जबकि एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल में  भर्ती दोनों घायलों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के फाजिलनगर से कार से दो महिला सहित चार लोग गोपालगंज की तरफ आ रहे थे। कार एनएच 28 पर सासामुसा बाजार के समीप दाहा नदी पुल पर पहुंची ही थी कि तेज गति के कारण  अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। नदी में पानी काफी कम है लेकिन पुल से गिरने के कारण चारो कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार को नदी में गिरते देख लोगों की भीड़ लग गई। कुछ लोगों ने चारो को निकाला और सदर अस्पताल ले गए।  चिकित्सक ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के फाजिलनगर थाना क्षेत्र के पिपरा रजवाही निवासी नसीर के रूप में हुई है।
हादसे में दम तोडऩे वाली महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। वहीं सदर अस्पताल भर्ती एक घायल फाजिलनगर के करसहा गांव निवासी गोपाल प्रसाद यादव हैं। बेहोश होने के कारण घायल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *