पटना: वार्षिक उर्स में नीतीश कुमार ने मजार पर की चादरपोशी, मांगी सुख-शांति

पटना के हाईकोर्ट परिसर के उत्तरी गेट के पास स्थित हजरत शाह जलाल शहीद की दरगाह पर तीन दिवसीय वार्षिक उर्स समारोह का आयोजन किया गया। इस उर्स समारोह में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यसभा सदस्य और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मंत्री अशोक चौधरी और बिहार विधान परिषद के सदस्य व सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ शामिल हुए।
दरगाह पर श्रद्धापूर्वक चादरपोशी करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे, प्रेम, शांति और सामाजिक सद्भाव की रही है। उन्होंने कहा कि उर्स जैसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं तथा उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि उर्स का यह पवित्र अवसर हमें प्रेम, सद्भाव और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बिहार में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता की मजबूत परंपरा रही है तथा उन्होंने प्रदेश की तरक्की, अमन-चैन एवं खुशहाली के लिए दुआ की।
अशोक चौधरी ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हमारी साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि हमें मिल-जुलकर समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।
इस अवसर पर मंत्री जनाब जमा खां, सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ईरशादउल्लाह, पूर्व सांसद जनाब अशफाक करीम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।