नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा, उप-मुख्यमंत्री से की बात

बिहार में बाढ़ की चुनौती के बीच जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने पटना जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुनपुन, अकौना, नीमा, बेलदारीचक, लखना, निहालचक, बलुआचक, देवकली, धनरुआ, वीर ओरियारा, सेवदाहा बिगहा, अवधारा, पभेरी, जलालपुर, सहुरु एवं सांई सहित प्रभावित गांवों का दौरा किया और स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उनके साथ बिहार विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ भी साथ रहे।
बाढ़ और जलस्तर की ली जानकारी
नीतीश कुमार ने उप-मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री से फोन पर बातचीत की और पटना सहित पूरे बिहार में बाढ़ एवं जलस्तर की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे और सरकार प्रभावित लोगों के संग खड़ी है। प्रशासन जरूरतमंदों तक मदद पहुँचा रहा है तथा निचले इलाकों, तटबंधों और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।