नीतीश कुमार ने पटना के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर लिया जायजा, मंत्रियों को दिए जरूरी निर्देश

नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना जिले के बाढ़ प्रभावित और जलजमाव वाले विभिन्न गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने इस दौरान बाढ़ की स्थिति को देखा।
उन्होंने नथ्थाचक, विक्रमपुर, फतुहा, डुमरी, भिखुआ, जनार्दनपुर, मछरीयावां, मालबीघा, शिवचक, मुड़ेरा और नयका रोड का दौरा किया। इसके अलावा उन्होंने सिकन्दरपुर, मकसुदपुर, मुस्तफापुर, मसाढ़़ी, जमालपुर, सैदनपुर, बेलदारीचक, लखना, निहालचक, मदारपुर, डुमरीपुल, पुनपुन, अकौना, सतीशनगर, मनौरा, गोपालपुर, चिनिया टोला, चीहुट, देवेन्द्र नगर, परसा एवं दीनदयाल नगर का भी दौरा कर जलस्तर को देखा।
स्थानीय लोगों से सरकार द्वारा मिल रही सहायता की जानकारी ली गई। पुनपुन समेत अन्य सभी इलाके के जलस्तर की स्थिति देखकर नीतीश कुमार ने उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चाैधरी को बुलाया।
उपमुख्यमंत्री से बाढ़़ प्रभावित तमाम इलाकों की अद्यतन जानकारी ली गई। सरकार द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। नीतीश कुमार ने मंत्री विजय चाैधरी से कहा कि संबंधित अधिकारियों को विभाग व सरकार की ओर से पूरी तत्परता बरतने का निर्देश रहे।
राहत एवं बचाव कार्यों की माॅनिटरिंग की समुचित व्यवस्था रखने को कहा गया। नीतीश कुमार ने कहा कि कोई सरकार कितनी अच्छी है, इसका पता इस बात से लगता है कि आपदा के समय अपनी जनता के साथ वो कितनी संवेदना और कैसे दायित्वबोध से खड़ी है। पिछले दो दशकों में एनडीए सरकार ने इस दिशा में जो मानक स्थापित किया है, उसको हमेशा ध्यान में रखें। इस दौरान बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ उपस्थित रहे।