नीतीश कुमार का शासनकाल बिहार की महिलाओं के लिए स्वर्णकाल : शिवरानी प्रजापति

नवादा में जनता दल यूनाइटेड महिला प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष शिवरानी प्रजापति शामिल हुईं। बैठक में संगठन की मजबूती और महिलाओं के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
महिला सशक्तिकरण के ऐतिहासिक फैसले
प्रदेश अध्यक्ष शिवरानी प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शासनकाल बिहार की महिलाओं के लिए 'स्वर्णकाल' साबित हुआ है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के कई ऐतिहासिक फैसलों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पूर्ण शराबबंदी, पंचायती राज चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण और सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इसके अलावा, मैट्रिक, इंटर और स्नातक पास करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन छात्रवृत्ति दी जा रही है जिससे महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
उच्च शिक्षा और प्रोत्साहन राशि
सरकार द्वारा छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए कई कदम उठाए गए हैं। बीपीएससी पीटी पास करने वाली छात्राओं को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है जिससे उनकी उच्च शिक्षा का मार्ग आसान हुआ है। श्रीमती प्रजापति ने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि अब 'निशांत युग' की शुरुआत हो चुकी है और सभी महिलाओं को उनके साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलना चाहिए। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दांगी ने भी संगठन की मजबूती पर जोर दिया।