कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम अब 'नीतीश सेतु', पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम अब नीतीश सेतु होगा। पीएम मोदी 21 नवंबर को इसका उद्घाटन करेंगे।

बिहार के वैशाली जिले में बनने वाले छह लेन वाले कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम अब 'नीतीश सेतु' रखा गया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश की जनता के लिए बेहद खुशी की बात बताया है।
प्रधानमंत्री मोदी करेंगे पुल का उद्घाटन
डॉ. अशोक चौधरी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण पुल के शिलान्यास से लेकर इसके निर्माण तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अग्रणी भूमिका रही है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली के दौरे पर आएंगे और वे इस 'नीतीश सेतु' का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
विपक्ष पर बरसे मंत्री
जदयू कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना किसी वास्तविक योगदान के केवल श्रेय लेने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जनता उनके इस रवैये को भलीभांति समझ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता विपक्ष के किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है।
विकास की नई पहचान बनेगा 'नीतीश सेतु'
इस अवसर पर मद्य निषेध एवं उत्पाद मंत्री मदन सहनी ने भी सरकार के इस निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा, "जिस प्रकार जेपी सेतु, अटल पथ और लोहिया पथ जैसे ऐतिहासिक निर्माण राज्य की पहचान एवं गौरव बने हैं, उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब 'नीतीश सेतु' भी बिहार के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।"
मदन सहनी ने यह भी कड़ा संदेश दिया कि शराब की खरीद-बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सरकार कठोर कार्रवाई करेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।