किशनगंज के पश्चिमपाली में जलजमाव से भारी परेशानी, समाजसेवी ने गंदे पानी में नहाकर किया अनोखा विरोध

Ghazala Saheb3 September 20262 min read23 viewsBihar
किशनगंज के पश्चिमपाली में जलजमाव से भारी परेशानी, समाजसेवी ने गंदे पानी में नहाकर किया अनोखा विरोध

किशनगंज में लगातार हो रही बारिश के बाद शहर के पश्चिमपाली इलाके में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग जिले के सातों प्रखंडों को जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पश्चिमपाली में बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। सड़क से ऊंची बनी नालियों के कारण पानी नालियों में जाने के बजाय सड़क पर ही जमा हो जाता है और बारिश के दौरान सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

जलजमाव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क किनारे की कई दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर परिषद से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

गुरुवार को जलजमाव के खिलाफ समाजसेवी इम्तियाज नसर ने पानी से भरी सड़क पर जमा गंदे पानी में नहाकर नगर परिषद और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब तक जनप्रतिनिधि और अधिकारी खुद जलजमाव की समस्या की गंभीरता को महसूस नहीं करेंगे, तब तक इसका स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने पश्चिमपाली में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के विकास को लेकर दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश होते ही जमीनी स्थिति सामने आ जाती है। नागरिकों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा

Share:

Comments

Leave a comment