पटना में नदियों के बढ़ते जलस्तर पर कड़ी नजर, तटबंधों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश

पटना जिला प्रशासन ने नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को पूरी तरह सजग रहने और 24 घंटे नजर रखने का निर्देश दिया है। बाढ़ से बचाव और तटबंधों की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत कार्य बिना विलंब शुरू हो सकें।
तटबंधों की 24 घंटे निगरानी
जिले के पांच प्रमंडलों के अंतर्गत आने वाली गंगा, सोन, पुनपुन और अन्य नदियों के तटबंधों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। नालंदा और जहानाबाद से आने वाली नदियों के जलस्तर पर भी लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ की दृष्टि से जिले में 31 संवेदनशील और 181 अतिसंवेदनशील स्थल चिह्नित किए गए हैं, जहां बालू भरे बैग, नायलॉन क्रेट और जियो बैग उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रशासनिक तैयारियां और राहत दल तैनात
संभावित आपदा से निपटने के लिए ट्रैक्टर, जेनरेटर, मजदूरों और अन्य सामग्रियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रखंड, अंचल और अनुमंडल स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जबकि नगर निगम को नालों की सफाई और जल निकासी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। राहत कार्यों के लिए 219 पंजीकृत निजी नावों, 120 शरण स्थलों, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि सभी तटबंध सुरक्षित हैं तथा प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।