पटना में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका, आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट पर

पटना में गंगा नदी के अपने उच्चतम जलस्तर को पार करने की संभावना है। जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ घंटों में यह स्थिति बन सकती है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। दक्षिण बिहार की प्रमुख नदियां सोन, पुनपुन और दरधा भी तेजी से बढ़ रही हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने पटना, नालन्दा, भोजपुर, वैशाली, सारण, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद के जिलाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निचले इलाकों में विशेष सतर्कता और प्रचार-प्रसार
प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया, सोशल मीडिया और माइकिंग के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे नदी के पास न जाएं। स्नान करने, तैराकी करने, सेल्फी लेने या नौकायन जैसी गतिविधियों से पूरी तरह बचने को कहा गया है। जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की बात कही गई है।
मानक संचालन प्रक्रिया (SPO) के तहत होगी कार्रवाई
सभी संबंधित जिलों को बाढ़ आपदा प्रबंधन की मानक संचालन प्रक्रिया (SPO) के तहत कार्रवाई करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर SDRF और NDRF की मदद से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। जल संसाधन विभाग की टीमें तटबंधों की लगातार निगरानी कर रही हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखी जा रही है और असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने के निर्देश हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं बल्कि पूरी सतर्कता बरतें।