विश्व साक्षरता दिवस पर दरभंगा में ‘फोनिक्स टू फ्लूऐंसी’ पुस्तक का हुआ भव्य लोकार्पण

विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को चंद्रधारी मिथिला विज्ञान महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में सेवानिवृत्त अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. इन्दिरा झा लिखित पुस्तक ‘फोनिक्स टू फ्लूऐंसी’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। अतिथियों का स्वागत मिथिला की परंपरा के अनुरूप पाग-चादर से किया गया।
पुस्तक की उपयोगिता
मुख्य वक्ता सीएम साइंस कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने कहा कि पुस्तक छोटे बच्चों से लेकर पीएचडी शोधार्थियों तक के लिए उपयोगी है। अंग्रेजी सीखने के इच्छुक अभिभावक भी इससे लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि लेखिका ने अपने व्यावहारिक अनुभवों को इसमें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। डॉ. ए.के. बच्चन एवं डॉ. पुनीता झा ने पुस्तक को भाषा विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
लेखिका का अनुभव
अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि यह पुस्तक भाषा के शिक्षक, विद्यार्थी एवं शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है। लेखिका डॉ. इन्दिरा झा ने कहा कि पुस्तक लेखन में नेत्रम अकादमी के नेत्रहीन बच्चों से मिली प्रेरणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कृष्णानंद मिश्रा ने किया, जबकि डॉ. कुमार गौरव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।