बगहा में मंत्री और विधायक के निरीक्षण के दौरान पीपरा-पीपरासी तटबंध से अभियंता गायब मिले

पश्चिम चंपारण के बगहा में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। लेकिन जल संसाधन विभाग के पीपरा-पीपरासी तटबंध पर निगरानी के लिए तैनात अभियंता निरीक्षण के दौरान गायब मिले।
मंत्री और विधायक का औचक निरीक्षण
गंडक नदी पर बने पीपरा-पीपरासी तटबंध को बिहार और उत्तर प्रदेश की लाइफलाइन माना जाता है। नेपाल में आपदा के बाद बाढ़ की आशंका को लेकर सरकार और प्रशासन लगातार तटबंधों की निगरानी का दावा कर रहे हैं। इसी दौरान बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम और बगहा विधायक राम सिंह तटबंध का जायजा लेने पहुंचे थे।
मंत्री ने डीएम को दिए कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अभियंताओं की अनुपस्थिति पाए जाने पर मंत्री नंदकिशोर राम ने मामले को बहुत गंभीरता से लिया। उन्होंने पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजीत सिंह को तुरंत फोन करके इसकी शिकायत की और दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।