पीएम मोमेंटोज ई-ऑक्शन 17 सितंबर से शुरू, 1,498 सांस्कृतिक वस्तुएं होंगी शामिल

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में पीएम मोमेंटोज ई-ऑक्शन के 8वें संस्करण की शुरुआत की है। इस ई-नीलामी में नागरिकों, संग्राहकों और कला प्रेमियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिलने वाले अनूठे उपहार खरीदने का अवसर मिलेगा। यह नीलामी 17 सितंबर 2026 से आधिकारिक पोर्टल www.pmmementos.gov.in के माध्यम से शुरू होगी। इस अवसर पर संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी और 1,498 वस्तुओं की जानकारी
इस संस्करण में कुल 1,498 वस्तुएं पेश की जा रही हैं जो भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हैं। इन वस्तुओं में पारंपरिक शिल्प कौशल, कलात्मक परंपराएं, सांस्कृतिक प्रथाएं, आध्यात्मिक परंपराएं और खेल उपलब्धियां शामिल हैं। ये उपहार देश के विभिन्न हिस्सों से लिए गए हैं, जिससे इसका अखिल भारतीय स्वरूप झलकता है। पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, बिहार और ओडिशा से सबसे अधिक वस्तुएं शामिल की गई हैं।
प्रमुख वस्तुएं और शुरुआती कीमतें
8वें संस्करण में 50 प्रमुख वस्तुओं की पहचान की गई है, जो इस संग्रह का विशेष हिस्सा हैं। इनमें कर्नाटक से भगवान राम की सिल्वर मोमेंटो शामिल है जिसकी शुरुआती कीमत 13.50 लाख रुपये है। इसके अलावा काकतीय कला थोरणम की सिल्वर प्रतिकृति की शुरुआती कीमत 9 लाख रुपये, फ्रेम की गई ट्री ऑफ लाइफ गोंड आर्ट पेंटिंग की कीमत 7.50 लाख रुपये, रथ पर जगन्नाथ परिवार की कीमत 6 लाख रुपये और 99.99 शुद्ध स्वर्ण-लेपित राधिका कृष्ण कलाकृति की शुरुआती कीमत 5.40 लाख रुपये है।
नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग
इस ई-नीलामी से प्राप्त होने वाली सभी आय को नमामी गंगे प्रोग्राम में ट्रांसफर किया जाता है। यह पहल देश की सांस्कृतिक विरासत और गंगा नदी के पुनरुद्धार और संरक्षण के राष्ट्रीय मिशन के बीच एक सार्थक संबंध बनाती है। नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) नई दिल्ली ने इस पहल के दस्तावेजों, प्रदर्शन और संचालन का समन्वय किया है। इसके लिए एनआईसी, एसबीआई और अन्य संबंधित एजेंसियों का सहयोग लिया गया है।
प्रियांक खर्गे की चुनौती पर प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रियांक खर्गे द्वारा बीजेपी नेताओं को बिना टेलीप्रॉम्प्टर के वंदे मातरम सुनाने की चुनौती पर प्रतिक्रिया दी। शेखावत ने कहा कि प्रियांक जी कभी भी आएं और मेरे सामने आकर खड़े हो जाएं।