प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा का सफर प्रेरणादायक: सांसद प्रदीप कुमार सिंह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में सेवा संकल्प महाअभियान चलाया जा रहा है। अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन की नई जिम्मेदारी संभाली थी। आगामी 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं और उन्होंने इन वर्षों में जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम मानकर कार्य किया है।
सेवा और राष्ट्र निर्माण का प्रेरक उदाहरण
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का प्रेरक उदाहरण है। एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुई उनकी यात्रा आज विश्व स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा से जुड़ी है और उनके नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण तथा युवा शक्ति के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहलें देखी हैं।
सेवा संकल्प महाअभियान के तहत होंगे विभिन्न कार्यक्रम
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प महाअभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर तक सेवा एवं जनकल्याण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की जाएगी और इसके साथ ही रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, जल संरक्षण, कृत्रिम अंगों का वितरण तथा खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान
सांसद ने कहा कि यह अभियान सेवा को सामाजिक संस्कार और राष्ट्र निर्माण को जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प है। प्रदीप कुमार सिंह ने अररिया लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है तथा प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सभी से अपने घरों के आगे एक दीप जलाने की बात कही है।