पीएम नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा पर सारण में चलेगा आशीर्वाद का दीया अभियान

भाजपा सारण पूर्वी द्वारा छपरा परिसदन भवन में जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बिहार में 2 करोड़ 50 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
आशीर्वाद का दीया अभियान
मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा के प्रति जनता का आभार व आशीर्वाद अभिव्यक्त करने के लिए आशीर्वाद का दीया अभियान चलाया जाएगा। इसका मूल संदेश जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा है। 17 सितंबर की शाम 7 बजे पूरे बिहार में एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीयों का वितरण जन-वितरण दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों व स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से होगा।
विकास स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन
प्रधानमंत्री आवास, अमृत सरोवर, आयुष्मान अस्पताल, जन औषधि केंद्र, सेतु व मंदिरों जैसे विकास स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक जिले में 10 प्रमुख स्थान चयनित किए जाएंगे। यह जनभागीदारी का विशेष अभियान है, जिसमें बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। हर बूथ से सामूहिक कार्यक्रम के फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। इस दौरान विवेक कुमार सिंह, प्रकाश रंजन नीकू, अर्द्धेन्दु शेखर, बलवंत सिंह व अनूप यादव उपस्थित रहे।