प्रो. पुष्पम नारायण ने एमआरएम कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्या का संभाला पदभार

Ghazala Saheb1 September 20261 min read21 viewsBihar
प्रो. पुष्पम नारायण ने एमआरएम कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्या का संभाला पदभार

दरभंगा, 01 सितंबर। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर संगीत एवं नाट्य विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष एवं ललित कला संकाय की पूर्व अध्यक्ष प्रो. पुष्पम नारायण ने एमआरएम महिला महाविद्यालय, दरभंगा की प्रभारी प्रधानाचार्या का पदभार ग्रहण कर लिया है। स्वागत सह विदाई समारोह के दौरान पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. एल.पी. जायसवाल ने उन्हें यह प्रभार सौंपा। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें पाग, चादर और बुके भेंट करके सम्मानित किया गया।

छात्राओं का हित पहली प्राथमिकता

पदभार संभालने के बाद प्रो. पुष्पम नारायण ने स्पष्ट किया कि छात्राओं का हित उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी। महाविद्यालय में अध्ययन-अध्यापन, शैक्षणिक विकास, मूल्यांकन और रोजगारपरक नए पाठ्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि छात्राएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

अनुशासन और बेहतर समन्वय पर जोर

उन्होंने शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण और बेहतर समन्वय बनाए रखने को अपनी दूसरी बड़ी प्राथमिकता बताया। इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं में अनुशासन, रैगिंग मुक्त परिसर, पुस्तकालय के अधिकतम उपयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से छात्राओं तक पहुंचाने पर बल दिया।

पूर्व प्रधानाचार्य को दी गई विदाई

कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. एल.पी. जायसवाल ने नई प्रभारी प्रधानाचार्या को शुभकामनाएं दीं और महाविद्यालय के चहुंमुखी विकास की उम्मीद जताई। इस समारोह में महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रो. पुष्पम नारायण का स्वागत किया और प्रो. जायसवाल को भावभीनी विदाई दी।

Share:

Comments

Leave a comment