पूर्णिया में दोस्तों के साथ घर से निकले युवक की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत

पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान दिनेश ऋषि के पुत्र सुमित कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार सुमित अपने दोस्तों के साथ घर से बाहर निकला था। घर से कुछ ही दूरी पर जेसीबी से खोदे गए एक बड़े गड्ढे में बाढ़ का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान सुमित का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए रुपौली रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। रुपौली रेफरल अस्पताल के चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया।
जीएमसीएच पूर्णिया में जांच के बाद चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया।