राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लगातार चौथे दिन 360 लीटर से अधिक शराब बरामद और एक तस्कर गिरफ्तार

Ghazala Saheb13 September 20262 min read11 viewsBihar
राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लगातार चौथे दिन 360 लीटर से अधिक शराब बरामद और एक तस्कर गिरफ्तार

सुपौल में राघोपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए लगातार चौथे दिन बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नगर पंचायत सिमराही के गांधीनगर वार्ड नंबर-08 में छापेमारी कर एक घर के पीछे स्थित स्टोर रूम से अलग-अलग ब्रांड की 360 लीटर 120 एमएल विदेशी शराब बरामद की है और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांधीनगर वार्ड नंबर-08 निवासी सौरभ आनंद उर्फ लल्लू प्रधान (32) के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधीनगर में एक घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति पीछे की ओर से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल ने पकड़ लिया

विदेशी शराब के कई ब्रांड बरामद

तलाशी के दौरान घर के पीछे शौचालय के बगल स्थित स्टोर रूम से शराब से भरे कार्टून बरामद किए गए। बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की की आठ पेटियां, हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर की 15 पेटियां और रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 10 पेटियां शामिल हैं। इसके अलावा मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर प्रीमियर ग्रेन व्हिस्की, स्नोस्की सुप्रीम क्राफ्टेड वोदका, सीग्राम्स ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की और बकार्डी लिमोन की बोतलें भी बरामद की गईं।

पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए थी शराब

पुलिस के अनुसार बरामद शराब की बोतलों पर पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए होने का उल्लेख है। इससे शराब की खेप को अवैध तरीके से बिहार लाकर खपाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment