रविशंकर प्रसाद बोले: पीएम मोदी के 'मन की बात' से राष्ट्रनिर्माण को मिलती है नई ऊर्जा

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 137वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम के बाद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों को जोड़ने वाला सशक्त जनआंदोलन बन चुका है।
साधारण नागरिकों की असाधारण उपलब्धियां
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें देश के सामान्य नागरिकों की असाधारण उपलब्धियों और उनके प्रयासों को स्थान मिलता है। प्रधानमंत्री समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों का उल्लेख कर उन्हें प्रेरणा का स्रोत बनाते हैं। इससे नागरिकों में राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभाने का भाव मजबूत होता है।
जनभागीदारी से संभव है देश का विकास
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण और युवा प्रतिभाओं जैसे विषयों को जनचर्चा का हिस्सा बनाया है। प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट है कि देश का विकास केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सिद्धार्थ शंभु, संजय मयूख, प्रीति शेखर, नितिन अभिषेक, हरिभूषण ठाकुर बचौल, प्रणव यादव, महेश पासवान, सुरेश रूंगटा, पिंकी कुशवाहा, मृत्युंजय तिवारी, अक्षय कुमार, सुहेली मेहता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।