रिविलगंज के किसानों ने विधायक छोटी कुमारी से लगान वृद्धि रोकने की लगाई गुहार

सारण में रिविलगंज प्रखंड के गौतम ऋषि आश्रम के प्रांगण में रविवार को किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तरवारी चक्की, दक्षिणवारी चक्की, नवबरार बैजूटोला, लोहा टोला, डिग्री सुधा, मेहताना, जजीरा 36 और सिताबदियारा मौजा के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य मार्च 2026 से जमीन के लगान में की गई अप्रत्याशित सात गुना वृद्धि और उससे उत्पन्न आर्थिक समस्याओं से सरकार को अवगत कराना था।
किसानों ने विधायक के सामने रखी अपनी समस्याएं
किसानों ने अपनी समस्याएं स्थानीय विधायक छोटी कुमारी के समक्ष विस्तार से रखीं। किसानों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा एक फसल वाली जमीन पर दो फसल के हिसाब से लगान वसूला जा रहा है। इसके अलावा, बालू युक्त भूमि और घाघरा नदी के बहाव क्षेत्र वाली जमीन पर भी भारी-भरकम लगान थोप दिया गया है। किसानों की यह भी शिकायत है कि वर्ष 1956 से लगातार रसीद कटने वाली जमीनों को अचानक टोपो लैंड घोषित कर दिया गया है।
सरकार से निष्पक्ष जांच और समाधान की मांग
किसानों ने विधायक के माध्यम से बिहार सरकार के भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। विधायक छोटी कुमारी ने किसानों को आश्वासन दिया है कि वे इस मुद्दे को संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगी। बैठक में प्रो. बैजनाथ सिंह, बिपिन बिहारी सिंह, अनिल कुमार सिंह, मुक्तिनाथ प्रसाद, शत्रुघ्न सिंह और मुखिया अनुरंजन कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।