त्योहारों पर सीवान के यात्रियों को बड़ी राहत, ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

Ghazala Saheb15 September 20261 min read11 viewsBihar
त्योहारों पर सीवान के यात्रियों को बड़ी राहत, ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

त्योहारों के सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे ने योग नगरी ऋषिकेश और मुजफ्फरपुर के बीच द्वि-साप्ताहिक आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सीवान और छपरा के रास्ते कुल 18 फेरे लगाएगी जिससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

ट्रेन का समय और रूट

गाड़ी संख्या 04314 योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर त्योहार विशेष ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार और बृहस्पतिवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन ऋषिकेश से दोपहर 3:20 बजे खुलकर हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर के रास्ते अगले दिन सुबह 7:05 बजे सीवान और 8:15 बजे छपरा पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन सोनपुर और हाजीपुर होते हुए सुबह 11:45 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

वापसी की समय सारणी

वापसी के लिए गाड़ी संख्या 04313 मुजफ्फरपुर-योग नगरी ऋषिकेश त्योहार विशेष ट्रेन 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को मुजफ्फरपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन मुजफ्फरपुर से दोपहर 1:15 बजे चलकर शाम 5:45 बजे छपरा और 6:35 बजे सीवान पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और हरिद्वार होते हुए अगले दिन सुबह 11:15 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।

ट्रेन में कोच की व्यवस्था

इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इन 18 कोचों में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, शयनयान श्रेणी के नौ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार और एसएलआर के दो कोच शामिल किए गए हैं। रेल प्रशासन का यह कदम त्योहारों पर नियमित ट्रेनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment