रूपनारायणपुर से लापता तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने पटना से किया बरामद

Ghazala Saheb16 September 20261 min read9 viewsBihar
रूपनारायणपुर से लापता तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने पटना से किया बरामद

आसनसोल, 16 सितंबर: सलानपुर थाना क्षेत्र के रूपनारायणपुर फांड़ी इलाके से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बिहार के पटना से बरामद कर लिया है। बरामद लड़कियों की उम्र 8, 10 और 12 वर्ष बताई गई है। इनमें दो सगी बहनें हैं, जबकि तीसरी नाबालिग उनके पड़ोस में रहती है।

पुलिस की जांच और तलाश

तीनों के अचानक लापता होने की शिकायत मिलने के बाद रूपनारायणपुर पुलिस ने जांच शुरू की। रूपनारायणपुर थाने के ओसी सुमंगल सरकार की सक्रियता से पुलिस ने विभिन्न सूत्रों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लापता होने के कुछ दिन पहले तीनों नाबालिग आसनसोल से ट्रेन के जरिए रवाना हुई थीं। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी तलाश शुरू की।

पटना से बरामदगी

जांच के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि तीनों नाबालिग पटना के किसी इलाके में मौजूद हैं। जानकारी की पुष्टि होने के बाद मामले के जांच अधिकारी सुमंत साहाना अपने सहयोगियों के साथ ट्रेन से पटना रवाना हुए। पुलिस टीम ने पटना में लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग सूत्रों के आधार पर खोजबीन की। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने एक मकान का पता लगाया और वहां छापेमारी कर तीनों नाबालिगों को बरामद कर लिया।

पूछताछ और परिवारों को सौंपने की प्रक्रिया

पुलिस के अनुसार, तीनों नाबालिग एक महिला के पास मिलीं। वे वहां तक कैसे पहुंचीं और महिला के पास उन्हें रखने के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं को खंगाल रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों नाबालिगों को रूपनारायणपुर वापस लाया गया है। 16 सितंबर बुधवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें आसनसोल चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के माध्यम से उनके परिवारों को सौंपा जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment