छठ पूजा में मातम: सहरसा में डूबने से युवक की मौत, कोसी में किशोर लापता
सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में छठ घाट पर डूबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि कोसी नदी में एक किशोर लापता है।

सहरसा जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान दो अलग-अलग हादसों ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। सिमरी बख्तियारपुर और चिड़ैया थाना क्षेत्र में डूबने की इन घटनाओं में एक युवक की जान चली गई है, जबकि एक किशोर का कोसी नदी में लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिमरी बख्तियारपुर में पोखर में डूबने से हुई मौत
पहली घटना सिमरी बख्तियारपुर थाना के रायपुरा पंचायत की है। यहाँ सोमवार की सुबह छठ घाट पर स्नान करने के दौरान रसूलाबाद (वार्ड 13) निवासी राजाराम साह के पुत्र प्रिंस कुमार की डूबने से मौत हो गई।
घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मृतक का शव बरामद किया जा सका। जैसे ही शव बाहर आया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार, बीडीओ मोहन कुमार सिंह और सीओ नवीन कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया है।
कोसी नदी में लापता किशोर की तलाश जारी
दूसरी दुखद घटना चिड़ैया थाना क्षेत्र के सलखुआ प्रखंड के करहरा गांव की है। यहाँ कोसी नदी के कछार पर छठ घाट बनाने के दौरान 15 वर्षीय चंद्रहास कुमार, जो गंगलेश यादव का पुत्र है, नदी में स्नान करते समय लापता हो गया।
रविवार से लापता हुए चंद्रहास की तलाश के लिए प्रशासन और ग्रामीण लगातार जुटे हुए हैं, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना की सूचना पर सलखुआ प्रखंड विकास पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रवि कुमार, राजस्व अधिकारी सचिन आनंद और चिड़ैया थाना की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण नदी के किनारे कैंप लगाकर लापता किशोर की खोज कर रहे हैं।