सहरसा में शिक्षकों का हल्ला बोल: सातवें वेतनमान के लिए निकाला कैंडल मार्च
सहरसा में शिक्षकों ने सातवें वेतनमान की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने सरकार से सम्मानजनक वेतन और सुविधाओं की मांग की है।

बिहार के सहरसा जिले में रविवार की शाम शिक्षकों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। बिहार विद्यालय अध्यापक महासंघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सातवें वेतनमान का लाभ दिलाने की मांग को लेकर एक विशाल कैंडल मार्च निकाला।
वीर कुंवर सिंह चौक से स्टेडियम तक प्रदर्शन
यह कैंडल मार्च सहरसा के वीर कुंवर सिंह चौक से शुरू हुआ। प्रदर्शनकारी शिक्षक समाहरणालय गेट से होते हुए सहरसा स्टेडियम तक पहुंचे। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सातवें वेतनमान की यह मांग लंबे समय से लंबित है। इस संबंध में पहले भी शिक्षा मंत्री से मुलाकात की जा चुकी है और पटना के गर्दनीबाग में भी आंदोलन कर विभाग का ध्यान खींचने की कोशिश की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
"शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं"
सहरसा के जिलाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार ने शिक्षकों की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षक राज्य की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
"शिक्षक केवल कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र और समाज के भविष्य का निर्माण करते हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों में अनुशासन व नैतिकता विकसित करने के लिए शिक्षकों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य है। शिक्षकों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके सेवा-शर्तों और आर्थिक अधिकारों को सुरक्षित करके होना चाहिए।"
डॉ. कुमार ने आगे कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारियों के अनुरूप उन्हें उचित वेतनमान और सुविधाएं नहीं मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि सरकार को समान कार्य के लिए सम्मानजनक वेतन की व्यवस्था तुरंत करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से हस्तक्षेप की मांग
महासंघ ने बिहार के मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से इस मामले में तत्काल सकारात्मक पहल करने की उम्मीद जताई है। शिक्षकों ने मांग की है कि विभागीय कार्रवाई में तेजी लाई जाए ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। साथ ही, महासंघ ने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपने संघर्ष को और मजबूत करने का आह्वान किया है।