सहरसा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन, 800 युवाओं का हुआ चयन

सहरसा में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा अवर प्रादेशिक नियोजनालय के तत्वावधान में शनिवार को जिला स्कूल मैदान में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जिलाधिकारी का संदेश
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेला जिले के युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों में सक्रिय भागीदारी करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
कंपनियों की भागीदारी और चयन प्रक्रिया
मेले में कुल 35 कंपनियों द्वारा पंजीकरण कराया गया, जिनमें 27 कंपनियों ने सहभागिता की। सहभागी कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए लगभग 4,000 रिक्तियां उपलब्ध कराई गईं। अभ्यर्थियों की योग्यता एवं कौशल के अनुरूप चयन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की गई, जिसमें लगभग 800 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
मार्गदर्शन और अन्य व्यवस्थाएं
रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ मेले में अभ्यर्थियों को विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं, कौशल विकास तथा कैरियर निर्माण से संबंधित मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। जिला प्रशासन एवं नियोजनालय द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
अतिथियों की उपस्थिति
यह आयोजन जिले के युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने, कौशल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस अवसर पर उप निदेशक निशांत कुमार सिन्हा और सहायक निदेशक अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।