सहरसा में इप्टा की बैठक, अक्टूबर में होगा राज्य स्तरीय नाट्य महोत्सव का आयोजन

Ghazala Saheb30 August 20262 min read23 viewsBihar
सहरसा में इप्टा की बैठक, अक्टूबर में होगा राज्य स्तरीय नाट्य महोत्सव का आयोजन

सहरसा, 30 अगस्त (हि.स.): भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) सहरसा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को प्रमंडलीय पुस्तकालय परिसर में आयोजित की गयी। बैठक में आगामी अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारी और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक की अध्यक्षता इप्टा के प्रदेश महासचिव फिरोज अशरफ ने की।

उन्होंने कहा कि सहरसा इप्टा निरंतर नाट्य परंपरा को कायम किए हुए हैं और सहरसा इप्टा को राज्य स्तरीय नाट्य महोत्सव की जिम्मेवारी दी गई है। महोत्सव में राज्य के छह जिलों की नाट्य प्रस्तुति होगी तथा पूरे बिहार से इप्टा कर्मी भाग लेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में सहरसा में नाट्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को और व्यापक बनाया जायेगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने तथा कलाकारों और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इप्टा के प्रदेश सचिव राजन कुमार ने कहा कि इप्टा लंबे समय से जनसरोकारों से जुड़े सांस्कृतिक आंदोलन को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। बैठक में पटना इप्टा सचिव पियूष, संयुक्त सचिव एस.एस. हिमांशु, संजय सारथी, उपाध्यक्ष अजहर खान, ईशानी कुमारी, नीलू कुमारी आदि उपस्थित थे।

सभी सदस्यों ने आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया और कहा कि नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम हैं। इप्टा के माध्यम से सामाजिक सरोकार, जनजीवन की समस्याएं और सांस्कृतिक चेतना से जुड़े विषयों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा।

इप्टा के सचिव रमेश कुमार पासवान ने बताया कि 2 से 4 अक्टूबर तक इप्टा द्वारा सच का रंगमंच एक उत्सव आयोजित किया जाएगा जिसमें तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले टीम द्वारा नाटक की प्रस्तुति होगी। बैठक के अंत में इप्टा के रंगकर्मीयों द्वारा देश के प्रसिद्ध नाट्य निर्देशक सतीश आनंद के निधन पर दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और रमेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Share:

Comments

Leave a comment