सहरसा में पंचायत सहयोग शिविर का सफल आयोजन, 37 आवेदनों का हुआ मौके पर निष्पादन

सहरसा जिले के महिषी प्रखंड के ग्राम पंचायत महिसरहो के बाढ़ आश्रय स्थल में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस जन-कल्याणकारी शिविर का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
जन-समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में प्राप्त सभी 37 आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया और निष्पादित मामलों के लाभार्थियों को मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
शिविर के दौरान जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने महिषी के प्रखंड विकास पदाधिकारी को सभी जन कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को आम जन तक सुलभ तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले इन सहयोग शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इन शिविरों की जानकारी प्राप्त कर सकें और उनकी समस्याओं का समय पर और पारदर्शी समाधान हो सके।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता केतन शुक्ला, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन मुकेश कुमार, महिषी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।