चेन्नई में ड्यूटी के दौरान रेलवे कर्मचारी की मौत, समस्तीपुर में मातम
बिहार के समस्तीपुर निवासी रेलवे कर्मचारी संजीव कुमार की चेन्नई में ड्यूटी के दौरान 25,000 वोल्ट के तार की चपेट में आने से मौत हो गई।

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। चेन्नई में भारतीय रेलवे की ड्यूटी कर रहे एक कर्मचारी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
ड्यूटी के दौरान हुआ बड़ा हादसा
मृतक की पहचान 37 वर्षीय संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो समस्तीपुर के सरायरांजन नगर पंचायत अंतर्गत मुस्रिघराड़ी (वार्ड नंबर 1) के निवासी थे। संजीव के पिता लाल बहादुर राम ने बताया कि संजीव पिछले लगभग 10 वर्षों से चेन्नई सेंट्रल में भारतीय रेलवे के साथ टेक्निकल ग्रेड-1 वेल्डर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
25,000 वोल्ट के तार ने ली जान
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 2 नवंबर को दोपहर करीब 3:00 बजे चेन्नई के टोंडीअर्पेट यार्ड (Tondiarpet Yard) में हुआ। ड्यूटी के दौरान संजीव अचानक 25,000 वोल्ट के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार की चपेट में आ गए। इस भीषण करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी की गई।
गांव में पसरा सन्नाटा, रो पड़ा परिवार
संजीव का पार्थिव शरीर बुधवार, 4 नवंबर की रात को उनके पैतृक गांव मुस्रिघराड़ी पहुँचा। जैसे ही शव गांव पहुँचा, वहां मौजूद परिजनों, स्थानीय निवासियों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। बड़ी संख्या में लोग संजीव को अंतिम विदाई देने के लिए एकत्र हुए। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। संजीव की इस असामयिक मृत्यु से पूरे मुस्रिघराड़ी क्षेत्र में शोक का माहौल है।