बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 249 करोड़ के मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर का किया लोकार्पण

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया है। इस मौके पर उन्होंने 249 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मीठापुर बस स्टैंड को मीठापुर गोलंबर से जोड़ने वाले फ्लाईओवर, पहुंच पथ एवं सेवा पथ का उद्घाटन किया।
मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर शुरू
यह फ्लाईओवर नवनिर्मित करबिगहिया गोलंबर के माध्यम से मीठापुर क्षेत्र को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा से जोड़ेगा। इस परियोजना के शुरू होने से मीठापुर, करबिगहिया और स्टेशन रोड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड पथ का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के अंतर्गत मीठापुर से सिपारा तक निर्मित 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड पथांश का भी लोकार्पण किया। दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से मीठापुर-सिपारा मार्ग पर यातायात अधिक सुगम और व्यवस्थित होगा तथा इस मार्ग पर लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत मिलेगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्मित फ्लाईओवर का पैदल चलकर और वाहन से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस फ्लाईओवर के शुरू होने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और मीठापुर बस स्टैंड के आसपास के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।