सोनपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, साथ में किया भोजन और दिए सख्त निर्देश

सारण में गंगा, सरयू और गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ने से सोनपुर में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस स्थिति का जायजा लेने के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उनके साथ तरैया विधायक जनक सिंह, स्थानीय विधायक विनय सिंह, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सामुदायिक रसोई में किया भोजन
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामुदायिक रसोई केंद्र में जाकर बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद दिलाने का पूरा भरोसा दिलाया।
राहत कार्यों की ली जानकारी और दिए निर्देश
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को जिले में चलाए जा रहे राहत कार्यों, बाढ़ बचाव अभियानों और सामुदायिक किचन की व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्री और भोजन वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ितों को तुरंत आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।