समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान: भागलपुर में महिलाओं को मिली 20-20 हजार की दूसरी किस्त

समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान के तहत भागलपुर के समीक्षा भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संबंधित विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी और अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। जिले की करीब तीन हजार लाभार्थी महिलाओं को दूसरी किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें स्वरोजगार व छोटे व्यवसायों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
दूसरी किस्त की राशि बैंक खातों में आने के बाद महिलाओं में खासा उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में शामिल लाभुक महिलाओं ने बताया कि सरकार की ओर से मिल रही इस आर्थिक सहायता से उन्हें अपने मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ाने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है। कई महिलाओं ने कहा कि वे सरकार से मिली 20 हजार रुपये की राशि में अपनी ओर से 5 हजार रुपये और जोड़ेंगी। इस तरह कुल 25 हजार रुपये की पूंजी वे अपने व्यवसाय में लगाएंगी, जिससे न सिर्फ मौजूदा कारोबार बेहतर होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
समीक्षा भवन में मौजूद महिलाओं ने सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति विशेष रूप से आभार जताया और सरकार की इस कल्याणकारी योजना की सराहना की। महिलाओं ने कहा कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह अभियान एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में शुरू किए गए महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के विजन का लाभ मिल रहा है। भागलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम ने महिलाओं के बीच सरकारी योजनाओं को लेकर भरोसा और उत्साह को और दोगुना कर दिया है।