सुपौल में ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार’ अभियान का हुआ शुभारंभ, जीविका दीदियों के खाते में भेजी गई राशि

सुपौल में ‘समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ कर दिया गया है। समाहरणालय परिसर स्थित लहटन चौधरी सभागार में गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यव्यापी शुरुआत की। जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और स्वरोजगार के अवसर मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सुपौल जिले की 8,538 जीविका दीदियों के खातों में पहली किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये भेजे गए। इसके अलावा 2,933 जीविका दीदियों के खातों में दूसरी किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से डाले गए। जीविका निधि के तहत 557 लाभार्थियों को भी राशि ट्रांसफर की गई। इस राशि से महिलाएं अपना व्यवसाय बढ़ा सकेंगी या नया रोजगार शुरू कर सकेंगी।
कार्यक्रम में सभी लाभुकों का लोकोस संधारण अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया है। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार, आईबीसीबी प्रबंधक आजाद कुमार और जिला संचार प्रबंधक विवेक महाजन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। डीडीसी इंद्रवीर कुमार ने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने की अपील की। यह अभियान महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।