दरभंगा: एकमी घाट पर संजय झा का भव्य स्वागत, राहुल गांधी पर बरसे
दरभंगा के एकमी घाट पर जदयू नेता संजय झा का भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को भ्रामक बताते हुए लोकतंत्र बचाने की बात कही।

दरभंगा के एकमी घाट पर 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान सियासी हलचल तेज हो गई। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया।
ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ जोरदार स्वागत
जदयू जिलाध्यक्ष और दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संजय झा को फूल-मालाओं से सम्मानित किया। इस दौरान माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण रहा और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, निशांत कुमार और संजय झा के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई।
राहुल गांधी के बयानों पर तीखा पलटवार
मीडिया से बातचीत के दौरान संजय झा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर कहा कि राहुल गांधी बिना किसी ठोस तथ्य के भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं।
संजय झा ने स्पष्ट किया कि हालांकि इस मुद्दे की शुरुआत बिहार से हुई थी, लेकिन यहां मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की कोई भी शिकायत सामने नहीं आई है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की स्थिति भी उत्पन्न नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम और अराजकता फैलाने की कोशिश किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस भव्य स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें मुख्य रूप से कन्हैया शाह, पप्पू चौधरी, अनिल मिश्रा, नजरे आलम, माधव झा, नबाब अख्तर, नरेश मिश्रा, छेदी राय, मनोज शाह, रमाशंकर सिंह, परितोष यादव, कमरे आलम, नागेंद्र पासवान, घनश्याम राय और राजेश राय शामिल थे।